रायपुर/बिलासपुर , अक्टूबर 22 -- त्योहारी सीजन में छत्तीसगढ़ के यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संबलपुर से प्रयागराज के बीच एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। वहीं, बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में रखे असंबद्ध और गैरसुपुर्द सामानों की खुली नीलामी 30 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08305 संबलपुर-प्रयागराज विशेष ट्रेन 23 अक्टूबर, शुक्रवार को संबलपुर से शाम 4:30 बजे रवाना होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रायगढ़, बिलासपुर, अनूपपुर और शहडोल स्टेशनों पर ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव निर्धारित किया गया है।

निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक, ट्रेन झारसुगुड़ा रोड स्टेशन पर शाम 5:40 बजे पहुंचेगी और 5:42 बजे रवाना होगी। रायगढ़ में शाम 7 बजे आगमन तथा 7:02 बजे प्रस्थान होगा। बिलासपुर स्टेशन पर ट्रेन रात 9:50 बजे पहुंचेगी और 10 बजे आगे के लिए रवाना होगी।

अगले दिन ट्रेन अनूपपुर स्टेशन पर रात 12:45 बजे पहुंचेगी और 12:47 बजे रवाना होगी। शहडोल में रात 1:45 बजे आगमन तथा 1:47 बजे प्रस्थान होगा। इसके बाद कटनी में सुबह 4:20 बजे पहुंचकर 4:30 बजे रवाना होगी। सतना स्टेशन पर सुबह 5:40 बजे आगमन और 5:42 बजे प्रस्थान के बाद ट्रेन मानिकपुर में सुबह 7:28 बजे पहुंचेगी तथा 7:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन प्रयागराज स्टेशन पर सुबह 9:30 बजे पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 20 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें दो एसएलआरडी, 14 सामान्य और चार शयनयान श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेन की समय-सारिणी और ठहराव से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की पूछताछ वेबसाइट देखने की अपील की है।

बिलासपुर रेलवे प्रशासन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में रखे असंबद्ध और गैरसुपुर्द उपयोगी सामानों की खुली नीलामी करने जा रहा है। यह प्रक्रिया 30 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से पार्सल कार्यालय में शुरू होगी।

नीलामी में पुशिंग चेयर, पुराने बैग, कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें, बिस्कुट, केक तथा नमकीन के पैकेट सहित विभिन्न प्रकार की वस्तुएं शामिल रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित