अलवर , मई 09 -- राजस्थान में अलवर जिले में वर्ल्ड कॉमिक्स इंडिया द्वारा घुमंतू समुदायों के साथ चलाए जा रहे सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम के तहत शनिवार को यहां के गांव मेडीबास में संपेरा समुदाय की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती एक आकर्षक भित्तिचित्र का अनावरण किया गया।
इस भित्तिचित्र में संपेरा समुदाय के पारंपरिक जीवन, लोक कला, सांस्कृतिक पहचान और उनकी समृद्ध विरासत को रचनात्मक ढंग से उकेरा गया है।
भित्तिचित्र का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद मालिक एवं सामाजिक चिंतक बी एल वर्मा और समुदाय के लोगों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बस्ती के युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। इस भित्तिचित्र में संपेरा समुदाय के पारंपरिक जीवन, लोक कला, पहनावे, गुदड़ी, सांस्कृतिक पहचान और उनकी समृद्ध विरासत को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया है। कला के माध्यम से समुदाय के इतिहास और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का यह प्रयास लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की कला गतिविधियाँ न केवल समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने का कार्य करती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विमुक्त और घुमंतू समुदायों की संस्कृति को सम्मान और पहचान दिलाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित