भोपाल , सितंबर 09 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित संपर्क अभियान 2026 को उल्लेखनीय सफलता मिली है। 14 मई से शुरू हुए अभियान के तहत भोपाल और ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में अब तक 5218 विशेष शिविर लगाए गए, जिनमें 2 लाख 28 हजार 121 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके घर के नजदीक स्थानीय स्तर पर विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे विद्युत सेवाओं में पारदर्शिता, सुगमता और उपभोक्ता संतुष्टि को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

भोपाल रीजन के शहर वृत्त भोपाल में 385 शिविरों में 23,299 शिकायतों, बैतूल (ओएंडएम) वृत्त में 468 शिविरों में 26,750, भोपाल (ओएंडएम) वृत्त में 260 शिविरों में 9,852, हरदा वृत्त में 137 शिविरों में 18,023, नर्मदापुरम वृत्त में 367 शिविरों में 28,483, रायसेन वृत्त में 263 शिविरों में 16,986, राजगढ़ वृत्त में 369 शिविरों में 5,038, सीहोर वृत्त में 346 शिविरों में 7,841 तथा विदिशा वृत्त में 221 शिविरों में 11,592 शिकायतों का निराकरण किया गया।

ग्वालियर रीजन के शहर वृत्त ग्वालियर में 309 शिविरों में 6,522 शिकायतों, अशोकनगर वृत्त में 154 शिविरों में 16,491, भिंड (ओएंडएम) वृत्त में 295 शिविरों में 5,926, दतिया (ओएंडएम) वृत्त में 182 शिविरों में 8,029, गुना वृत्त में 266 शिविरों में 9,557, ग्वालियर (ओएंडएम) वृत्त में 258 शिविरों में 4,447, मुरैना वृत्त में 407 शिविरों में 16,706, श्योपुर (ओएंडएम) वृत्त में 182 शिविरों में 5,048 तथा शिवपुरी वृत्त में 349 शिविरों में 7,531 शिकायतों का निराकरण किया गया।

शिविरों में मुख्य रूप से त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग और अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। इसके अलावा पांच रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण-पत्र, बंद या खराब मीटर बदलने तथा स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण किया गया।

शिविरों में सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज संबंधी समस्याओं, ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों, बिजली बिलों के आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट और बकाया राशि जमा कराने सहित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित