पटना, सितंबर 13 -- टना नगर निगम की ओर से राजस्व संवर्धन के उद्देश्य से संपत्ति कर के दायरे को बढ़ाने, पुरानी संपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन एवं बकायेदारों से कर वसूली के लिए तीन स्तरीय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को और गति देने के लिए अब अंचल एवं मुख्यालय की राजस्व टीम के साथ सफाई निरीक्षकों, सेक्टर सुपरवाइजर एवं जोनल प्रभारियों को भी जोड़ा गया है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर रविवार को मॉर्य मंडपम में इन कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान नए संपत्ति कर निर्धारण, स्व कर निर्धारण, कर भुगतान की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं स्थल निरीक्षण के दौरान किए जाने वाले सत्यापन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को संपत्ति कर के दायरे से बाहर चिह्नित बिजली उपभोक्ताओं की सूची उपलब्ध कराई गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर संबंधित संपत्ति धारकों को 30 सितंबर तक स्व कर निर्धारण कर संपत्ति कर का भुगतान करने के लिए जागरूक करें।
एक अक्टूबर से चिह्नित संपत्तियों का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि संबंधित संपत्ति का कर निर्धारण नहीं पाया जाता है, तो नियमानुसार 100 प्रतिशत पेनाल्टी के साथ संपत्ति का कर निर्धारण किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित