जालंधर , जून 18 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने गुरुवार को शाहकोट उपमंडल के अंतर्गत गांव संधावाल मंड में हुई फायरिंग की घटना के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को नामजद किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर डीएसपी शाहकोट सरवन सिंह बल, थाना शाहकोट के प्रभारी दिलबाग सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया, जिसे सबूत के तौर पर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना शाहकोट में एफआईआर दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109, 324(4), 351(3), 49 और 333 के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में गांव संधावाल निवासी राजन पुत्र गुरमीत सिंह और जशन पुत्र करनैल सिंह को मामले में नामजद किया गया है। दोनों आरोपी थाना शाहकोट क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे के कारणों का भी खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित