चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 67वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दौरे का उद्देश्य विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्थाओं और लोकतांत्रिक ढांचों को समझने के साथ विदेशों में बसे पंजाबियों और सिख समुदाय से संपर्क मजबूत करना था।
श्री संधवां ने बताया कि दौरे के दौरान जर्मनी के बर्लिन में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों और पंजाबी समुदाय के प्रतिनिधियों से क्षेत्रीय मुद्दों तथा प्रवासी भारतीयों की अपेक्षाओं पर चर्चा की गयी। मलेशिया के कुआलालंपुर में सिख समुदाय के साथ पंजाब से जुड़े सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने बताया कि पेनांगमें मलेशिया के मुख्यमंत्री चो कोन येओ और उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव से मुलाकात कर पंजाबी समुदाय के कल्याण तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गयी। दक्षिण अफ्रीका में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के दौरान लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संसदीय ढांचे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। कनाडा और अन्य देशों में भी विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लिया गया।
उन्होंने कहा कि इन दौरों के दौरान पंजाब में निवेश और रोजगार बढ़ाने, औद्योगिक एवं व्यापारिक सहयोग, सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संपर्क का विस्तार तथा प्रवासी पंजाबियों की राज्य के विकास में भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि विदेशों में रह रहा पंजाबी समुदाय पंजाब की विरासत और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा विदेशों में पंजाब की आवाज को मजबूत करने, प्रवासियों से संबंध गहरे करने और राज्य के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का उपयोग करने पर ध्यान दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित