चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक अर्ध-सरकारी पत्र लिखकर अनुरोध किया कि पंजाब के निवासियों के लिए हथियार लाइसेंस के अधिकार क्षेत्र में चंडीगढ़ को भी शामिल किया जाये।
श्री संधवां ने शस्त्र अधिनियम में कुछ संशोधनों की आवश्यकता पर बल दिया। मौजूदा नियमों के अनुसार, पंजाब निवासियों को चंडीगढ़ में लाइसेंसी हथियार ले जाने के लिए अलग से अनुमोदन या अनुमति के लिए आवेदन करना पड़ता है, जिससे अनावश्यक नौकरशाही देरी और असुविधा होती है। पंजाब निवासियों द्वारा शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन करने पर, इसका अधिकार क्षेत्र केवल पंजाब राज्य तक ही सीमित रहता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है और राज्य का प्रशासनिक केंद्र है। पंजाब के कई निवासी चंडीगढ़ में रहते हैं और अक्सर आधिकारिक और निजी कार्यों के लिए चंडीगढ़ आते-जाते रहते हैं। पंजाब राज्य के निवासियों को हथियार लाइसेंस जारी करते समय चंडीगढ़ को स्वतः ही क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में शामिल करना तर्कसंगत और व्यावहारिक होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित