बिलासपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य की शादी 10 फरवरी 2019 को बिलासपुर के दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। दंपती की 13 माह की एक बेटी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है। परिजनों के अनुसार पति के दूसरी महिला से संबंध होने के आरोप को लेकर दोनों के बीच विवाद चलता था।
पुलिस को दिए बयान में रविकांत मौर्य ने बताया कि घटना के समय वह अपनी बेटी के साथ ऊपर के कमरे में सो रहा था, जबकि अदिति नीचे थी। नीचे पहुंचने पर वह बेड पर मिली। उसका दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी और फंदा खुल जाने के कारण नीचे गिर गई।
मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति एवं ससुराल पक्ष अदिति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने कहा कि अदिति फोन पर मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी देती थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से अदिति से उनकी बात नहीं हो पा रही थी और पति किसी न किसी बहाने से संपर्क नहीं कराता था।
मृतका के भाई अभिषेक वर्मा ने आरोप लगाया कि रविकांत मौर्य के दूसरी महिला से संबंध थे। उनके अनुसार एक सप्ताह पहले अदिति ने पति के मोबाइल की चैट का वीडियो बनाकर अपनी बड़ी बहन पिंकी को भेजा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया।
मायके पक्ष के अनुसार 23 जून को भी अदिति के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद परिजनों ने रविकांत की मां से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच कमरे में विवाद हो रहा था। कुछ देर बाद उन्हें अदिति का शव मिलने और अस्पताल ले जाने की सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उत्तरप्रदेश से बिलासपुर पहुंचे, जहां अस्पताल में उन्हें अदिति की मौत की सूचना मिली। इसके बाद मृतका के भाई अखिलेश वर्मा सहित अन्य परिजनों ने पति रविकांत मौर्य, सास-ससुर, ननद और नंदोई पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि अदिति के हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान मिले हैं। उनका आरोप है कि जिस स्थान पर फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां ऐसे स्पष्ट संकेत नहीं मिले, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष ने नहीं दी। उनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित