बैतूल , मई 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र स्थित डहरगांव में एक दो वर्षीय नर चिंकारा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग के अनुसार डहरगांव स्थित ब्लूबेरी कंपनी परिसर की फेंसिंग के पास चिंकारा मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर रेंजर नितिन पवार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

वन्यजीव का मौके पर ही पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिंकारा की मौत ट्रॉमेटिक इंजरी यानी गंभीर चोट के कारण होना बताया गया है। उसके शरीर पर चोट और कटने के निशान पाए गए हैं।

पशु चिकित्सक ने आशंका जताई है कि चिंकारा संभवतः फेंसिंग में फंस गया होगा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

हालांकि वन विभाग इस मामले को केवल दुर्घटना मानकर नहीं चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी परिसर के पास चिंकारा का मृत मिलना कई सवाल खड़े करता है। इस कारण घटना को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

रेंजर नितिन पवार ने बताया कि रात के दौरान कंपनी परिसर में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही फेंसिंग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिंकारा वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

वन विभाग ने बताया कि जांच पूरी होने और आवश्यक औपचारिकताएं संपन्न होने के बाद चिंकारा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित