सोनीपत , जुलाई 23 -- हरियाणा के सोनीपत की इंद्र कॉलोनी में चार वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार को आशंका है कि बच्ची की मौत सांप के काटने से हुई है, हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार समाइरा मंगलवार देर रात तक पूरी तरह स्वस्थ थी। बुधवार तड़के उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के पिता अमीर ने बताया कि अस्पताल से घर लौटने पर परिवार को घर के अंदर एक सांप मिला, जिसे उन्होंने मार डाला। इसके बाद परिवार को शक हुआ कि रात के दौरान सांप ने बच्ची को काट लिया होगा। हालांकि, बच्ची के शरीर पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित