अलवर , फरवरी 23 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की घटना के बाद चौपानकी रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को खुले में मिले संदिग्ध रसायन से भरे ड्रम मिलने से हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और तत्काल प्रभाव से जांच शुरू कर दी। रसायन से भरे चार गोदामों को सीज किया गया है।

सूत्रोें ने सोमवार को बताया कि राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के यूनिट-द्वितीय के तहत भूखंड संख्या एच-200 पर संदिग्ध रासायनिक ड्रम होने की सूचना मिली। इस पर अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र की घेराबंदी करवाई। मौके पर टपूकड़ा तहसीलदार शैतान सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गुरदीप सिंह और चौपानकी थाना पुलिस का जाप्ता मौजूद रहा।

सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण में औद्योगिक गतिविधियों में अनियमितता की आशंका जताई गई। प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए उक्त भूखंड संख्या एच-200 के साथ-साथ जे-983, एफ-849 और एफ-850 को तहसीलदार की मौजूदगी में सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिन ड्रमों में रसायन भरा मिला है, उसकी प्रकृति, उपयोग और वैधता की विस्तृत जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी परखा जा रहा है कि संबंधित इकाइयों के पास रसायनों के भंडारण और उपयोग की वैध अनुमति है या नहीं।

सूत्रों के अनुसार कुछ ड्रम खुले स्थान पर रखे पाए गए, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका प्रबल हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय मानकों, औद्योगिक सुरक्षा नियमों या विस्फोटक पदार्थों से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खुशखेड़ा विस्फोट की पृष्ठभूमि में प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों में रासायनिक पदार्थों के भंडारण और उपयोग को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है, किंतु जांच पूरी होने तक संबंधित भूखंड सील रहेंगे।

जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में अन्य औद्योगिक इकाइयों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और औद्योगिक सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त दल सक्रिय कर दिए गए हैं।

फिलहाल चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती से अन्य इकाइयों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित