फिरोजाबाद , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में नगला खंगर थाना क्षेत्र के करौरी खेड़ा गांव में सोमवार को एक राजमिस्त्री का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खाली मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक के शरीर पर जले के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार करौरी खेड़ा निवासी शिशुपाल का पुत्र अनिल कुमार (38) राजमिस्त्री का काम करता था। बताया गया है कि शनिवार को काम से लौटने के बाद वह घर के बाहर दिखाई नहीं दिया। सोमवार सुबह मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर पड़ोसियों को शक हुआ।

ग्रामीणों ने अनिल की पत्नी चंद्रप्रभा को सूचना दी। वह अपने तीन बच्चों के साथ इटावा स्थित मायके में रह रही थी। इसके बाद चंद्रप्रभा ने जसवंतनगर में रह रहे अपने जेठ को जानकारी दी। परिवार के लोग दूसरे मकान की छत के रास्ते अनिल के घर में दाखिल हुए तो उसका शव फंदे से लटका मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार अनिल के शरीर पर जले के निशान भी थे। अनिल अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ गांव में रहता था, जबकि उसके माता-पिता अलग रहते हैं और उसका भाई सुनील कुमार जसवंतनगर में रहता है। पुलिस के अनुसार अभी युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित