भिण्ड , अप्रैल 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी और भोपाल पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक उमेश दौहरे (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में कल रात मौत हो गई। वह 14 अप्रैल को अवकाश लेकर अपने गृह नगर भिण्ड आया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात वह गीता भवन गली स्थित अपनी एक परिचित महिला मित्र के घर गया था। वहीं से उसने एक परिचित को फोन कर अपनी तबीयत खराब होने की सूचना दी। कुछ देर बाद वह गीता भवन गली में अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल भिण्ड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार उमेश दौहरे लगभग 15 वर्षों से सेवा में था और भोपाल पुलिस लाइन में पदस्थ था। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सेंगर ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित