बैतूल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हिवरखेड़ी गांव निवासी बनवारी धुर्वे (40) मंगलवार सुबह अपने साढ़ू के घर ग्राम सीमौरी पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार बनवारी धुर्वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का कुछ वर्ष पहले बीमारी से निधन हो चुका था। परिवार में उनकी दो बेटियां हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित