बैतूल , अगस्त 18 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके तहत बैतूल जिले में निर्धारित मार्गों पर कलश रथ यात्रा निकाली जाएगी।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान की शुरुआत 18 अगस्त को भोपाल के रविंद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन कार्यक्रम एवं कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर की जाएगी।

जिला स्तर पर 20 अगस्त को कलश वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके बाद पावन कलश और कलश रथ को जिला मुख्यालय से रविदास मंदिरों एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाया जाएगा। कलश रथ 20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के निर्धारित मार्गों पर भ्रमण करेगा।

कलश रथ के विभिन्न स्थानों पर पहुंचने पर रविदास मंदिरों में सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण, प्रभात फेरी, झांकी और दीप प्रज्ज्वलन सहित धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान भजन मंडली प्रतियोगिता सहित स्थानीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनके माध्यम से संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन द्वारा जिले के रविदास मंदिरों एवं परिसरों में साफ-सफाई और आवश्यक विकास कार्य कराने की भी तैयारी की जा रही है। अनुसूचित जाति केंद्रित मंडलों की पहचान कर संबंधित क्षेत्रों के रविदास मंदिरों की सूची तैयार करने तथा मंदिर समितियों और संतों से संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के दौरान संत सम्मेलन, आध्यात्मिक संवाद, समरसता गोष्ठी और सत्संग आयोजित किए जाएंगे। इनमें संत रविदास के जीवन दर्शन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश पर चर्चा होगी। कलेक्टर ने विकासखंड स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर कार्यक्रमों की तिथि और स्थान निर्धारित करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, यात्रा दल के सदस्यों और आमजन की सहभागिता रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित