वाराणसी , जनवरी 31 -- वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत शिरोमणि रविदास की जन्मस्थली पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने संत रविदास की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली व सुख-समृद्धि की कामना की।

उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार समाज में एकता और समरसता के मार्गदर्शक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक भेदभाव रहित समाज की स्थापना संभव है। इस दौरान महापौर ने मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जयंती के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान निगम के उप सभापति नरसिंह दास, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित