वाराणसी , जुलाई 24 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से देशव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत 29 जुलाई को उनकी जन्मस्थली वाराणसी से होगी। इस अवसर पर देश के 27 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत कलश पूजन, कलश यात्रा, जनसंपर्क अभियान तथा जनसभा सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को सर्किट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों एवं चुनिंदा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की।

बैठक में आयोजन की व्यापक तैयारियों के लिए संपूर्ण व्यवस्था को दो भागों में विभाजित कर 17 विभाग गठित किए गए। प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी अनुभवी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि संत रविदास महाराज ने लगभग 650 वर्ष पूर्व समाज में समरसता, समानता और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया था। भाजपा उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री चौरसिया ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन भी है। पार्टी का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और समावेशिता को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 28 और 29 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में कलश पूजन, कलश यात्रा और जनसभा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों, संत रविदास महाराज की जन्मस्थली तथा सभास्थल की साज-सज्जा और 27 राज्यों में पूजित कलश भेजने की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित