वाराणसी , जुलाई 28 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष को भव्य और यादगार बनाने के लिए काशी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष सजावट, स्वागत द्वारों का निर्माण, होर्डिंग्स तथा विद्युत झालरों और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है। जयंती समारोह को लेकर काशी के प्रमुख मार्गों और संत रविदास जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र को विशेष रूप से सजाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 29 जुलाई से 20 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

29 जुलाई को जनसभा और दीपोत्सव होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की पूरी संभावना हैं। बुधवार को ही समरसता संकल्प अभियान का शुरुआत किया जाएगा।

भाजपा की तैयारियों के तहत शहर के 20 प्रमुख चौराहों और तिराहों को सजाया गया है। इनमें मालवीय प्रतिमा लंका गेट, गुरुधाम चौराहा, भेलूपुर चौराहा, सोनारपुरा चौराहा, गौदौलिया चौराहा, मैदागिन-चौक, कबीर मठ चौराहा, लहुराबीर चौराहा, सरदार पटेल प्रतिमा मलदहिया, साजन तिराहा, सिगरा चौराहा, संत अतुलानंद चौराहा, राजर्षि प्रतिमा गिलट बाजार, भोजूबीर तिराहा, सर्किट हाउस, गोलघर चौराहा, अंबेडकर चौराहा, पुलिस लाइन तिराहा, चौकाघाट चौराहा तथा तेलियाबाग तिराहा शामिल हैं। इन स्थानों पर सजावट और होर्डिंग्स के माध्यम से संत रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष का संदेश प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

संत रविदास जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों के स्वागत के लिए आठ प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इनमें सीर गेट, रविदास मंदिर के पास, रविदास स्कूल के पास, रविदास पार्क के पास, सहज एकेडमी के निकट वीआईपी गेट, काशीपुरम कॉलोनी के सामने, लौटूबीर बाबा मंदिर के पास तथा डाफी टोल प्लाजा के समीप स्वागत द्वार स्थापित किए जाएंगे। इन स्वागत द्वारों को जयंती समारोह की थीम और संत रविदास जी के संदेश के अनुरूप आकर्षक स्वरूप दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित