संत कबीर नगर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में महुली थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम रजनौली निवासी दानिश ने थाना महुली में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी थी कि सोमवार सुबह वह ग्राम भगौतीपुर स्थित मुर्गी फार्म से मुर्गियां लोड कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक रुकवाकर कनपटी पर तमंचा सटाया और बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर अभियुक्त गुलशन गौतम को सिदाही मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध 12 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस तथा लूटा गया बैग बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त भगौतीपुर, थाना महुली, जनपद संत कबीर नगर का निवासी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित