संत कबीर नगर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में रविवार को जिला प्रशासन ने संदिग्ध फंडिंग और अवैध गतिविधियों के आरोपों के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए मीट मंडी स्थित एक मदरसे पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया, जिससे इलाके में हलचल बनी रही।
सूत्रों के अनुसार दुधारा थाना क्षेत्र के देवरिया लाल गांव निवासी मौलाना शमशुल होदा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। जांच में उस पर विदेशी फंडिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा पाकिस्तान से कथित संबंध रखने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं।
प्रशासन का कहना है कि संबंधित मदरसे के निर्माण और वित्तीय स्रोतों की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सहित अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित