संत कबीर नगर , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 के विशेष अभियान में प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का विवरण एकत्र कर रहे हैं।

जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश ने मंगलवार को यहां बताया कि भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकानों की गणना का कार्य तेजी से जारी है। जिले के शत-प्रतिशत मकानों की गणना सुनिश्चित करने के लिए सभी चार्ज अधिकारियों को कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से संवाद स्थापित करें, प्रक्रियागत समस्याओं का समाधान कराएं तथा कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। मेहदावल तहसील में जनगणना कार्य के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धि भी सामने आई। एचएलबी-0621 के प्रगणक शिवचंद्र कुमार मौर्य एवं उनके सुपरवाइजर राम अनुज ने अपने पूरे ब्लॉक के 156 जनगणना मकानों की गणना पूर्ण कर नक्शा जमा कर दिया। कम समय में कार्य पूर्ण करने पर उनके प्रयासों की सराहना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित