संत कबीरनगर 11मार्च(वार्ता) उत्तर प्रदेश में जनपद संतकबीरनगर पुलिस ने एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में उत्तर प्रदेश में क्रमशः पहला और पांचवा स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने आईजीआरएस सेल/सीएम डैशबोर्ड में तैनात प्रभारी उप निरीक रजनीश राय, उ.नि. ब्रजेश सिंह तथा उनकी टीम के सदस्यों हेड कांस्टेबल आदर्श श्रीवास्तव, कां. विकास यादव, कां. धनंजय शर्मा, कां. लल्लन पाल तथा हे.कां. धृष्टद्युम्न सिंह, कां. चन्दन कुमार साहनी (सीएम डैशबोर्ड ) को उनकी कार्यकुशलता, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
एसपी ने बताया कि जन शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करना और फीडबैक में जनता की संतुष्टि प्राप्त करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे इस टीम ने अपनी मेहनत से संभव कर दिखाया।
श्री मीना ने सभी पुलिसकर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि "यह उपलब्धि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत और जनसेवा के प्रति उनके अटूट समर्पण का परिणाम है। हमारा लक्ष्य न केवल रैंकिंग में शीर्ष पर बने रहना है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि जिले का हर पीड़ित व्यक्ति न्याय से संतुष्ट होकर लौटे।" पुलिस अधीक्षक IGRS सेल ने शिकायतों के निस्तारण में न केवल गति (Speed) का ध्यान रखा, बल्कि गुणवत्ता (Quality) मानकों पर भी खरा उतरते हुए डिफ़ॉल्टर की संख्या को शून्य पर बनाए रखा। जनपद की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग के साथ-साथ आम जनमानस में भी हर्ष व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित