उज्जैन , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर खाचरौद के ग्राम चिरोला फंटा स्थित संत श्री निजानंद धाम आश्रम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने आश्रम में श्री श्री 1008 सचिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रम स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक एवं षोडशोपचार पूजन किया। इसके बाद संत श्री निजानंद जी महाराज के गादी स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर आरती की। उन्होंने आश्रम में संत सचिदानंद महाराज के शिष्य श्री विवेक महाराज से भी भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह स्थान देश, प्रदेश और मालवा में सनातन संस्कृति की ऐसी विभूतियों की आलौकिक आभा से परिचित कराता है। हम सभी ऐसे संतों के आशीर्वाद से सद्कार्य की प्रेरणा प्राप्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि संत श्री निजानंद महाराज के पश्चातवर्ती स्वामी सचिदानंद महाराज ने इस स्थान और पूरे क्षेत्र को चैतन्य किया है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने कार्यों के साथ संतों की मूल भावना 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः' को लेकर आगे बढ़ें। वेद वाक्य में निहित सभी के कल्याण की भावना को आत्मसात करते हुए हम सबके कल्याण की कामना करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित