जयपुर , नवंबर 01 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने संतों के जीवन को समाज को संस्कार, समरसता, सद्भाव और परोपकार की प्रेरणा देने वाला बताते हुए कहा है कि संत कंवर राम साहिब ने अपनी वाणी, भक्ति और सेवाभाव से समाज में प्रेम, एकता और मानवीय मूल्यों की जो अलख जगाई, वह आज भी प्रासंगिक है।
श्री देवनानी अजमेर जिले में मदनगंज किशनगढ़ में सिंधु सेवा समिति द्वारा आयोजित समारोह में संत कंवर राम साहिब की प्रतिमा का लोकार्पण के अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिमा की स्थापना आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से परिचित कराने और उन पर चलने की प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
श्री देवनानी ने कहा कि सिंधी समाज की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परम्पराएं और सामाजिक एकजुटता भारतीय संस्कृति की समृद्धि का अभिन्न अंग हैं। संत कंवर राम साहिब जैसे महापुरुषों ने अपनी साधना और सेवा से समाज को जो दिशा प्रदान की, वह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को सार्वजनिक जीवन में प्रतिष्ठित करना समाज की सांस्कृतिक और भावी पीढ़ियों के प्रति उसके दायित्व का परिचायक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित