पन्ना , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अजयगढ़ थाना पुलिस ने संतान प्राप्ति की पूजा कराने का झांसा देकर आदिवासी परिवार से सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत के आभूषण, जादू दिखाने की सामग्री और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब एक लाख 30 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम सिमराखुर्द निवासी शंकर कोंदर (54) ने 29 अगस्त को अजयगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके गांव में दो अज्ञात व्यक्ति आए थे। उन्होंने पूजा कराने के जरिए उसके घर में संतान प्राप्ति कराने का झांसा दिया और इसके लिए उसकी पत्नी के गहनों की पूजा करने की बात कही।

आरोपियों की बातों में आकर शंकर कोंदर ने अपनी पत्नी का एक सोने का लॉकेट, दो चांदी की चूड़ियां और एक जोड़ी चांदी की पायल, जिसकी कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये थी, उन्हें दे दिए। आरोपियों ने एक गड्ढा खुदवाकर आभूषण पॉलीथीन में रखकर उसमें दबाने को कहा और बताया कि 35 दिन तक पूजा के बाद गहने निकालने से घर में संतान पैदा होगी।

आरोपियों के जाने के बाद शंकर कोंदर ने गड्ढा खोदकर देखा तो उसमें केवल खाली पॉलीथीन मिली और आभूषण गायब थे। शिकायत पर अजयगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत धारा 318(4), 331(3) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गयी।

आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल संदिग्ध ग्राम पिष्टा के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के गांवों में जादू और हाथ की सफाई का खेल दिखाकर सीधे-सादे लोगों को झांसे में लेकर उनके आभूषण धोखाधड़ीपूर्वक चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने अजयगढ़ क्षेत्र की घटना में भी शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का लॉकेट, चांदी की दो चूड़ियां, एक जोड़ी पायल, दो डमरू, प्लास्टिक का सांप, टाइगर टेडी, 103 अंगूठियां, बांसुरी तथा जादू दिखाने की अन्य सामग्री और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने इन्साफ अली (38) और इमरित अली (26), दोनों निवासी ग्राम धोबहा, थाना कठेला समयमाता, जिला सिद्धार्थनगर, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित