संतकबीरनगर , जून 02 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले की पुलिस ने जीएसटी चोरी और फर्जी बिलिंग के बड़े मामले का खुलासा करते हुए 50-50 हजार रुपये के दो इनामी जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को बताया कि मेंहदावल और खलीलाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली के हरिनगर क्षेत्र से सौरभ अग्रवाल उर्फ सन्नी तथा अजीत कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उन्होंने बताया कि राज्य कर विभाग की शिकायत पर कोतवाली खलीलाबाद में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि फर्जी फर्मों के माध्यम से बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री दिखाए करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार दर्शाया गया। मई 2025 की जीएसटी रिटर्न में करीब 18.96 करोड़ रुपये की फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) दर्शाकर कर चोरी की गई थी।
एसपी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जाली दस्तावेजों के आधार पर फर्जी फर्मों का पंजीकरण कराते थे। इसके बाद फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार कर विभिन्न कंपनियों को उपलब्ध कराए जाते थे।
उन्होंने बताया कि लेन-देन को वैध दिखाने के लिए बैंक खातों के माध्यम से धनराशि का हस्तांतरण किया जाता था, जिसे बाद में नकद निकाल लिया जाता था। इस प्रक्रिया के जरिए फर्जी आईटीसी का लाभ लेकर बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी की जाती थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल राकेश कुमार सिंह, सर्विलांस टीम तथा थाना खलीलाबाद पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित