संतकबीरनगर , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत 60 युवाओं को 1.80 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने युवा उद्यमियों के लिए आयोजित शिविर की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। श्री कुमार ने यूनीवार्ता को बताया कि मिशन निदेशक सीएम युवा, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित कैंप में 60 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत किया गया, जिनमें से 25 लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये का प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ऋण चार वर्ष के लिए ब्याज मुक्त उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने जनपद के युवाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने लाभार्थियों को लगन और ईमानदारी से अपने उद्यम संचालित करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने कहा कि उद्योग या सेवा क्षेत्र में कार्य करने के इच्छुक युवा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने नवाचार आधारित परियोजनाओं में भी आगे आने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित