संतकबीरनगर , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले की दुधारा थाना पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.5 किलोग्राम हरे अफीम के पौधों (जड़, फल व फूल सहित) के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार ने सोमवार को बताया कि प्रभारी निरीक्षक थाना दुधारा अरविंद शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा क्षेत्र भ्रमण किया जा रहा था। 23 फरवरी को सूचना मिली कि ग्राम पुरैना मंसूर में एक व्यक्ति अपने मकान के सामने बनी बाउंड्री के भीतर अफीम की खेती कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर अबू उवैदा उर्फ छोटू निवासी पुरैना मंसूर को गिरफ्तार कर लिया। बाउंड्री के भीतर एक क्यारी में अफीम के पौधे लगे पाए गए, जिनसे कुल 28.5 किलोग्राम हरे अफीम के पौधे बरामद किए गए। बरामदगी क्षेत्राधिकारी की उपस्थिति में की गई।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने चाचा रिजवान के साथ मिलकर लाभ कमाने के उद्देश्य से अफीम की बुआई की थी। इस संबंध में थाना दुधारा पर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित