संतकबीरनगर 03अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने 2.3 किलोग्राम गांजा और 11 मोबाइल फोन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को यहाँ बताया कि आज कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम ने बालूशासन निवासी रामप्रवेश राजभर को बड़गो से अजगइबा घाट जाने वाली रोड के पास से तथा बेलहरकला थाना क्षेत्र के बनौली निवासी छोटू राजभर उर्फ मामा पटखौली स्थित सहायक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल को दशहरा निवासी इकरार खान निवासी द्वारा कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी गई थी कि 28 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर चार लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। इस सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय गांवों और चौराहों पर सो रहे लोगों के मोबाइल चोरी करते थे और चोरी के मोबाइल तथा अवैध गांजा बेचकर अपनी आजीविका चलाते थे। बरामद 11 मोबाइल में से चार मोबाइल जैन ईंट भट्ठा रसहरा (दशहरा) से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य मोबाइल अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित