संतकबीरनगर , अगस्त 09 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत शहर के घोरखल मुहल्ले में एक छात्रा का शव शनिवार देर रात घर के आंगन में कुंडी से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की है। मृतका की पहचान गोरखपुर जिले के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के रेवड़ा गांव निवासी रामदरश यादव की पुत्री संजनी यादव (17) के रूप में हुई है।
सीओ सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि संजनी राजकीय इंटर कॉलेज खलीलाबाद में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह पिछले दो वर्षों से खलीलाबाद के घोरखल मोहल्ले में प्रेम सागर यादव के मकान में अपनी सहेली अंशिका के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी।
बताया गया है कि कल देर रात मकान मालिक ने संजनी के परिजनों को उसके फंदे से लटके होने की सूचना दी। परिजनों के अनुसार छात्रा का शव मकान की छत के आंगन में दुपट्टे के सहारे कुंडी से लटका मिला। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। मकान मालिक दंपति भी सुबह से घर से बाहर बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित