संतकबीरनगर , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में धनघटा थाना पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति को 1.7 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने ग्राम रूपीपुर से छिबरा जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनिन्द्र मिश्रा पुत्र छेदी मिश्रा निवासी सुल्तानपुर, थाना कटया, जिला गोपालगंज, बिहार के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धनघटा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 596/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित