संत कबीर नगर , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में थाना धनघटा पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित दो अभियुक्तों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि ग्राम गायघाट निवासी इनरमल की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी राजकुमार और आनंद को धनघटा क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया है। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(2), 191(3), 190, 125, 115(2) व 352 के तहत मामला दर्ज है।

उन्होंने बताया कि वादी के अनुसार 26 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ बारात लेकर जा रहा था। जोगेंद्र के घर के सामने पहुंचने पर महिलाओं और बच्चियों पर कंकड़ फेंके जाने को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। इस दौरान वादी के भतीजे अनिल कपूर पुत्र भागीरथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित