संतकबीरनगर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मगहर चौकी अंतर्गत गुरुवार को नेशनल हाईवे पर ट्रेलर ट्रक और रोडवेज बस की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चालक और परिचालक समेत 16 यात्री घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम रसूलाबाद स्थित हनुमान मंदिर के निकट पेट्रोल पंप के पास यह हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रेलर ट्रक गलत दिशा से पेट्रोल पंप पर तेल लेने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मगहर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने बताया कि दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है।

घायलों में बस्ती डिपो के बस चालक कुनाल शर्मा (40) निवासी मालवीय रोड बस्ती, परिचालक अभिनव तोमर (38) निवासी अन्तपुर बरेली, नाइमा (24), ओसामा (22), पूर्णवासी (45) निवासी निर्मलीकुंड बस्ती, दिनेश चंद (30) निवासी मिश्रौलिया मुंडेरवा, शिल्पी (35) निवासी बरदहिया बाजार खलीलाबाद, तारा देवी (28) निवासी बेलौहा सिद्धार्थनगर, चन्दा देवी (55) निवासी अमरूद मंडी गोरखपुर, राम जन्म विश्वकर्मा (60), जावेद खान (65) निवासी रुस्तमपुर, वंदना (30), पायल (8) निवासी महेशरा गोरखपुर, सुनीता गुप्ता (50) निवासी सहजना गोरखपुर, मोहम्मद कासिफ (20) निवासी गरसोइया पुरानी बस्ती तथा गोलू (29) निवासी बेलहवा खलीलाबाद शामिल हैं।

मगहर चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हाईवे किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस और ट्रेलर ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित