संतकबीरनगर 22अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हा-दुल्हन सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने यहाँ बताया कि धनघटा थाना क्षेत्र के हैंसर निवासी अजय सोनी पुत्र रामकरन वर्मा की शादी दुधारा थाना क्षेत्र के दानोंकुइया निवासी ध्रुवचंद्र सोनी की पुत्री बबीता सोनी के साथ हुई है। 21 अप्रैल को बारात बस्ती जनपद के एक मैरिज हाल में गई थी, जहां शादी संपन्न होने के बाद 22 अप्रैल को विदाई कराकर सभी लोग घर लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा बताया गया है कि कार दूल्हे के जीजा संतोष सोनी निवासी पैकवालिया, थाना गौर, जनपद बस्ती चला रहे थे। कार जैसे ही धनघटा मार्ग पर महुली थाना क्षेत्र के भगता गांव के पास पहुँची कि सामने से आ रहे ट्रक से कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में संतोष सोनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार दूल्हा अजय वर्मा (26 वर्ष), दुल्हन बबीता सोनी (22 वर्ष) और भांजी नैना सोनी (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायलों को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित