संतकबीरनगर , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।
दोनों दोस्त मोबाइल बनवाकर घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 12 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। एक युवक को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में से एक की सोमवार को सगाई होनी थी।
पुलिस के अनुसार हादसा ग्राम बेलौली के पास हुआ। मृतकों की पहचान रामकेश उर्फ छोटू यादव (25) निवासी बढ़या ठाठर टोला मधईपुर और सोहन उर्फ गोलू (22) निवासी बरईपुर के रूप में हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने बताया कि दोनों युवक गोरखपुर जिले के जसवल बाजार (घघसरा) से मोबाइल बनवाकर लौट रहे थे। बेलौली में विधायक अनिल त्रिपाठी के आवास से करीब 200 मीटर आगे उनकी बाइक असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस से दोनों को मेंहदावल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामकेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोहन को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार सोहन मुंबई में नौकरी करता था और विवाह की तैयारी के लिए दस दिन पहले ही घर आया था। सोमवार को उसकी सगाई तथा 11 मार्च को शादी तय थी। हादसे से आधा घंटा पहले उसने पिता को फोन कर घर पहुंचने की बात कही थी। वहीं रामकेश लुधियाना में टेलरिंग का काम करता था। चार वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था और उसका दो वर्षीय पुत्र है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित