संतकबीरनगर , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में नई रेलवे लाइन निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मेंहदावल सर्वदमन सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कुसौना खुर्द गांव निवासी प्रभास (8) और कुनाल (6) निर्माणाधीन नई रेलवे लाइन के बांध के किनारे बने पानी से भरे गड्ढे के पास गए थे। इसी दौरान दोनों फिसलकर गहरे पानी में डूब गए।

उन्होंने बताया कि कुनाल अपने नाना मुराली के घर कुसौना खुर्द आया हुआ था। उसका स्थायी निवास धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के महुई गांव में है। दोनों बच्चों के साथ मौजूद एक अन्य किशोर ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सर्वदमन सिंह, तहसीलदार अल्पिता वर्मा तथा स्थानीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे। विधायक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यदि गड्ढा खोदने में लापरवाही बरती गई है और मौके पर कोई चेतावनी या संकेतक बोर्ड नहीं लगाया गया था तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर ठेकेदार की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित