संतकबीरनगर 25फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के विकास खण्ड पौली की महिला खण्ड विकास अधिकारी के साथ एक भाजपा नेता द्वारा बदसलूकी करने के मामले से अधिकारियों /कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी संघ तथा ग्राम विकास अधिकारी संघ ने आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोपी भाजपा नेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तार कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जनपदीय अध्यक्ष क्षितिज चौधरी ने यहाँ बताया कि भाजपा नेता अरविन्द सिंह ने अपने गांव के किसी व्यक्ति का राशन कार्ड का आवेदन कराया था जिसका वेरिफिकेशन नहीं हुआ था। इसको लेकर वह मंगलवार ब्लॉक पर पहुंचे थे और सचिव ग्राम पंचायत से मिले लेकिन उनके जवाब से असहमत और आक्रोशित होकर खण्ड विकास अधिकारी पौली के कक्ष में पहुंच गए और वहाँ भी कहासुनी करने लगे।
बीडीओ ने एसआईआर चलने और व्यस्तता बताते हुए राशन कार्ड पर बाद में कार्रवाई की बात कही। इससे उग्र होकर भाजपा नेता ने अपना कपड़ा निकाल दिया और बीडीओ से आपत्ति जनक बदसलूकी की। जिससे बीडीओ बहुत आहत हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तारी नहीं की गई तो ग्राम पंचायत अधिकारी संघ व ग्राम विकास अधिकारी संघ आंदोलन करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित