संतकबीरनगर , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में बाइक से पेट्रोल निकालने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों को खंभे से बांधकर मारपीट करने के मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने किया जिन्हें 27 अक्टूबर तक न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार संतकबीरनगर भेज दिया गया है।

रसूलाबाद निवासी फैयाज अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 अक्टूबर को सुबह करीब नौ बजे उनके चचेरे भाई बिस्मिल्लाह अंसारी और उनके दोस्त मोहम्मद उजैसा का बाइक से पेट्रोल निकालने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद निसार अहमद, मोहम्मद आबिद रजा, रहमतुल्लाह, नौशाद अहमद और फैज अहमद दोनों युवकों को मस्जिद के सामने स्थित एक कमरे में ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों को सामने स्थित मकान के खंभे से बांधकर दिए और आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में मौके पर पहुंचे लोगों ने रस्सी खोलकर दोनों युवकों को मुक्त कराया।

सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने यहाँ बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वहां से उन्हें 27 अक्टूबर तक न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार संतकबीरनगर भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित