संतकबीरनगर , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत खलीलाबाद बाईपास के निकट बुधवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने चावल से लदी मिनी पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में पिकअप चालक की दबकर मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवक घायल हो गया।
सीओ सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि दुधारा थाना क्षेत्र के कोहरियावां गांव के रहने वाले मो. आरिफ उर्फ ललऊ बुधवार को रजापुर सरैया गांव के रामसुभग निषाद के साथ गोरखपुर गए थे। वे पिपरा हसनपुर स्थित अपनी नानी के घर से महेंद्रा पिकअप में चावल लेकर बेचने गए थे। चावल बेचकर देर रात दोनों गोरखपुर से वापस लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे खलीलाबाद बाईपास के पास बस्ती-गोरखपुर मार्ग पर उनकी पिकअप को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में मो. आरिफ पिकअप के नीचे दब गए और रामसुभग निषाद भी घायल हो गए।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया।अस्पताल में डॉक्टरों ने मो. आरिफ को मृत बताया, जबकि रामसुभग का प्राथमिक इलाज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित