संतकबीरनगर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना मेंहदावल पुलिस ने पत्नी की हत्या कर शव को नदी में फेंककर साक्ष्य छिपाने के मामले में आरोपी पति रामभजन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बाराखाल तिराहा के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामभजन यादव निवासी ग्राम मिश्रौलिया मिश्र टोला सोहरवलिया, थाना मेंहदावल के विरुद्ध हत्या एवं साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज था। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को राजेन्द्र यादव ने अपनी पुत्री पुष्पा उर्फ गुड़िया के ससुराल से लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 25 अगस्त को सोशल मीडिया और मेंहदावल पुलिस के माध्यम से जानकारी मिली कि चिलुआताल थाना क्षेत्र में सात अगस्त को एक अज्ञात महिला का शव मिला था। परिजनों ने चिलुआताल पहुंचकर महिला के कपड़ों और फोटो की पहचान पुष्पा उर्फ गुड़िया के रूप में की। इसके बाद मृतका के पिता ने 26 अगस्त को अपने दामाद रामभजन यादव पर बेटी की हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

तहरीर के आधार पर मेंहदावल थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कानपुर में पल्लेदारी करता है और करीब 12 वर्ष पहले पुष्पा से शादी हुई थी। चार अगस्त को कानपुर से घर आने के बाद उसने पत्नी और दोनों बच्चियों को टैम्पो से करमैनी बुलाया। आरोपी के अनुसार, उसने पत्नी से झाड़-फूंक कराने के बहाने करमैनी घाट की ओर चलने को कहा और रात करीब 8:30 बजे उसे पुल के नीचे घाट से करीब एक किलोमीटर अंदर ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने पत्नी के सिर पर डंडे से वार किया और पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद डंडा नदी में फेंक दिया। मौके पर पड़ी बोरी में बालू भरकर शव की पीठ पर बांधा और शव को नदी में फेंक दिया। घटना के बाद वह एक परिचित के घर चला गया। अगले दिन दोनों बच्चियों को लेकर ससुराल पहुंचा, उन्हें वहीं छोड़कर कानपुर चला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित