संतकबीरनगर , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के मुहल्ला घोरखल निवासी समाजवादी पार्टी (सपा) नेता विनोद यादव की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय नाथ मिश्र ने बताया कि रविवार देर रात श्री यादव उरुवा बाजार (जिला गोरखपुर) एक शादी समारोह में शामिल होकर कार से वापस घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की रात करीब एक बजे संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के सिरसी गांव के पास सड़क पार कर रही नीलगाय उनकी कार से टकरा गई। अचानक हुई टक्कर से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में विनोद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ में मौजूद अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। विनोद यादव (48) समाजवादी पार्टी से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित