संतकबीरनगर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में धनघटा थाना पुलिस ने नाबालिगा से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने बताया कि धनघटा थाना पुलिस ने वांछित अभियुक्त बादल निवासी कनैला टोला लोनियान, थाना धनघटा को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मामला दर्ज है।
उन्होंने बताया कि नाबालिगा की मां ने 18 अप्रैल को धनघटा थाने में अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मामले में साक्ष्य संकलन और जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित