संतकबीरनगर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में धोखे से माल हड़पने के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि थाना बेलहरकला पुलिस ने आकाश त्रिपाठी निवासी गोरखपुर को ग्राम जसवल से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12 बोरी चोकर, 3 बोरी चुन्नी, 12 बोरी खण्डा दाल, 2 बोरा दर्रा, एक मोबाइल फोन और बिक्री के 6,850 रुपये बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 26 मार्च को खलीलाबाद निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने तहरीर दी थी कि 25 मार्च को एक व्यक्ति ने स्वयं को अनुज सिंह बताते हुए फोन कर चोकर और खण्डा भेजने को कहा। विश्वास में आकर 69 बोरी माल भेज दिया गया। आरोप है कि ड्राइवर को जंगल बेलहर स्थित एक मकान पर माल उतरवाया गया, जहां बाद में एक अन्य पिकअप में माल लादकर अज्ञात व्यक्ति फरार हो गया। जब भुगतान के लिए संपर्क किया गया तो आरोपी का मोबाइल बंद मिला। तहरीर के आधार पर थाना बेलहरकला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित