संतकबीरनगर , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंहवा क्षेत्र में अराजक तत्वों ने दो अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर देव प्रतिमायें खंडित कर दी। घटना के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हुई। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय कस्बा धर्मसिंहवा के प्राचीन शिव मंदिर में स्थापित भगवान शिव और माता पार्वती की मूर्तियों को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके अलावा थाना क्षेत्र की बौरब्यास चौकी अंतर्गत रैंधरपार सिवान स्थित समय माता मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति भी खंडित कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस संबंध में राजेश तिवारी नामक व्यक्ति ने थाना धर्मसिंहवा में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों स्थानों पर मूर्तियों की पुनः स्थापना करा दी गई है। अराजक तत्वों की तलाश की जा रही है। घटना से जुड़े साक्ष्यों और फुटेज की जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित