संतकबीरनगर , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले की थाना दुधारा पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लियागिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार पुत्र जितेंद्र कुमार और जितेंद्र कुमार पुत्र स्व. रामनयन निवासी च्यूटना, थाना दुधारा के रूप में हुई है।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि थानाध्यक्ष दुधारा अमित कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मृतका की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर काफी समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि 10 सितंबर को दहेज की मांग को लेकर उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई। मामले में दुधारा पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित