संतकबीरनगर , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में अनियंत्रित थार वाहन ने जनवासे में सो रहे बारातियों को रौंद दिया, जिससे छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कौवाठोर गांव में बीती रात करीब दो बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब बारात में शामिल लोग भोजन के बाद जनवासे में चारपाइयों पर सो रहे थे। इसी दौरान एक थार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर वहां पहुंचा और सो रहे बारातियों पर चढ़ गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन स्टार्ट करते समय चालक का पैर एक्सीलरेटर पर दब गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधे बारातियों की ओर बढ़ गई। हादसे में छह से अधिक बाराती घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जा रहा है।
इंस्पेक्टर मेंहदावल सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त थार वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित