संतकबीरनगर , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के सुरसा-चमनजोत जंगल में पिछले एक सप्ताह से तेंदुआ जैसे दिखने वाले जंगली जानवर के दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर जानवर की कथित तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि वायरल हो रहा जानवर तेंदुआ ही है।
वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) अजय कुमार त्रिपाठी ने यहाँ बताया कि बुधवार देर शाम अपनी टीम के साथ सुरसा-चमनजोत जंगल पहुंचे। टीम में फॉरेस्ट गार्ड गोविंद त्रिपाठी के अलावा वन कर्मचारी पंकज सिंह, अजित सिंह, सूरज यादव और विशाल यादव शामिल रहे। टीम ने पूरे जंगल और आसपास के इलाके में सघन पेट्रोलिंग कर जांच की, लेकिन देर शाम तक किसी भी जंगली जानवर का पता नहीं चल सका।
ग्रामीण डिंपल सिंह, जयराम, रमेश कुमार, रामसरन, अनिल कुमार और सुभग ने बताया कि पिछले कई दिनों से रात के समय सड़क किनारे एक जंगली जानवर दिखाई देता है। इसके चलते लोगों में भय का माहौल है और रात के समय सड़क पार करने या जंगल के आसपास जाने से लोग बच रहे हैं।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और बुधवार रात भी विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल तस्वीरों में दिख रहा जानवर तेंदुआ है या कोई अन्य वन्य जीव। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वन्य जीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित