संतकबीरनगर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना नेशनल हाईवे 28 पर नेदुला बाईपास स्थित सम्राट होटल के सामने हुई, जिसमें ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि शाम करीब 5:00 बजे ट्रैक्टर एक खराब डीसीएम टैंकर को एंगल की मदद से टोचन कर बस्ती से गोरखपुर स्थित गीडा ले जा रहा था। नेदुला बाईपास पर सम्राट होटल के सामने पहुंचने पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार बाराबंकी निवासी अखिलेश पुत्र राम सहारे को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत संतकबीरनगर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में ट्रैक्टर चालक जमीर खान, निवासी लोनीपुर नायक, थाना रामपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित