संतकबीरनगर , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सरैया रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार देर रात चलती ट्रेन के आगे कूदने से एक युवक और युवती की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि बीती रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरबी) को सूचना मिली कि सरैया रेलवे ट्रैक पर एक युवक और युवती घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान अर्जुन पुत्र रामसूरत निवासी लिलहवा चमुखा, थाना कैम्पियरगंज, जनपद गोरखपुर तथा लक्ष्मीना पुत्री खरबान निवासी चिरैयाडांड़, थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार अर्जुन, मृतका लक्ष्मीना के जीजा का भाई था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने चलती ट्रेन के आगे छलांग लगा दी थी। हालांकि घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

श्री पाण्डेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित