संतकबीरनगर , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के भकठान गांव निवासी और संतकबीरनगर जिला केसरी सम्मान से सम्मानित पहलवान ब्रह्मानंद यादव की मंगलवार दोपहर हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने घटना के पीछे प्रधानी चुनाव से जुड़ी रंजिश को वजह बताया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि पहेलवान ब्रह्मानंद यादव पुत्र दयाराम यादव निवासी भकठान गोसाईंपुर की मंगलवार की अपराह्न 2:30 बजे हत्या की नीयत से हमले की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पहेलवान को जिला अस्पताल पहुंचाया जहाँ डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि ब्रह्मानंद यादव अपनी बुलेट से भैंसों के लिए चारा लेने जा रहे थे। आरोप है कि गांव के रास्ते में ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उनके ऊपर मिर्ची डालकर उन्हें बुलेट से नीचे गिरा दिया। इसके बाद धारदार हथियार, फरसा और भाले से उन पर हमला किया गया। परिजनों के मुताबिक घटना के दौरान गोली चलाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, गोली लगने की पुष्टि पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में रखवाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई रमाकांत यादव वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। ब्रह्मानंद यादव पहलवानी के क्षेत्र में अपनी पहचान रखते थे। उन्हें संतकबीरनगर जिला केसरी के सम्मान से भी नवाजा गया था। उनकी हत्या की खबर से खेल और पहलवानी से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को नाम बताए हैं।
परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे प्रधानी चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश हो सकती है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस अधीक्षक कहनाश्री मीना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित